कटक के मंगलाबाग थाना पुलिस ने 20 लाख रुपये की जमीन ठगी के मामले में एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के कई मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कई थानों में केस दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शशधर पंडा के रूप में हुई है। वह भद्रक जिले के धुसुरी थाना क्षेत्र के पंडापटना गांव का रहने वाला है और कटक के सीडीए सेक्टर-13 में रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर शनिवार को उसे बालेश्वर जिले के खैरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। रविवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया।
मामले की शुरुआत तब हुई जब मंगलाबाग थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी दीपरानी पटनायक ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उन्हें आवासीय प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये ठग लिए।
शिकायत के अनुसार, जून 2025 में नखरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपी और उसका परिवार पीड़िता के परिवार के संपर्क में आया और लगातार मेलजोल बढ़ाता रहा।
इसी दौरान शशधर पंडा ने खुद को सेवानिवृत्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बताया और दावा किया कि उसके बेटे की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में उच्च शिक्षा के लिए तत्काल 20 लाख रुपये की आवश्यकता है। जब पीड़िता ने उधार देने से इनकार किया, तो आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम पर दर्ज सीडीए सेक्टर-13 स्थित एक आवासीय प्लॉट बेचने का प्रस्ताव दिया।
आरोपी के भरोसे में आकर पीड़िता ने नकद और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से कुल 20 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन पैसे लेने के बावजूद आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस लौटाई।
पुलिस के मुताबिक, जब पीड़िता ने प्लॉट की रजिस्ट्री या पैसे वापस करने की मांग की तो आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, धमकी दी और अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और 18 जुलाई को बालेश्वर जिले के खैरा से उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शशधर पंडा आदतन ठग है। उसके खिलाफ मंगलाबाग, बलिअंता, भद्रक ग्रामीण, निमापड़ा, बंधामुंडा और भद्रक टाउन थानों में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में भी उसके खिलाफ 3.5 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला लंबित है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने ठगी से अर्जित धन को कटक और भुवनेश्वर में अचल संपत्तियां खरीदने में निवेश किया। उसके पास कटक के सीडीए क्षेत्र में दो प्लॉट, भुवनेश्वर के सुंदरपदा में दो प्लॉट तथा कटक के बीड़ानासी स्थित निउआ साही में तीन मंजिला इमारत होने की जानकारी मिली है।
मंगलाबाग थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस ठगी के और भी कई पीड़ित हो सकते हैं। ऐसे लोगों से आगे आकर पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई है।