बिहार के बेगूसराय में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। जिले में बढ़ते अपराध के बीच रविवार की रात एक बड़ी वारदात ने राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक को झकझोर कर रख दिया। पूर्व जिला पार्षद और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नगर परिषद अध्यक्ष सिकंदर अली पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में सिकंदर अली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामला फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक स्थित फल मंडी के पास का है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे सिकंदर अली रोजाना की तरह बाजार करने के लिए फल मंडी पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
सिकंदर के भाई मोहम्मद तबरेज आलम ने हत्या के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि हमें जानकारी मिली कि मेरे भाई को गोली मारी गई है। स्थानीय लोग उसे अस्पताल लेकर आए फिर हमलोग भी पहुंचे। मेरा भाई सामाजिक कार्यकर्ता है और गरीबों के लिए हमेशा अग्रसर रहता है।
बताया जा रहा है कि सिकंदर अली को तीन गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवरिया थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।