बिहार के रोहतास जिले में शिक्षा विभाग ने अवैध रूप से संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक कोचिंग सेंटरों को बंद करा दिया है। शिक्षा विभाग की इस अचानक कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया और कई संस्थानों में अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला। इतना ही नहीं टीम के आने की भनक लगते ही कोचिंग संचालक अपना-अपना कोचिंग सेंटर बंद कर चुपके से मौके से भाग निकले। जानकारी के अनुसार डेहरी नगर क्षेत्र के पाली पुल के समीप पाली मोहल्ले में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे थे। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि कई कोचिंग संस्थान बिना किसी वैध पंजीकरण के चल रहे हैं और सरकार के द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर शिक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।
जांच के दौरान यह पाया गया कि दर्जन भर से अधिक कोचिंग संस्थान स्कूल समय के दौरान ही कक्षाएं संचालित कर रहे थे। इतना ही नहीं अधिकांश संस्थानों ने विभागीय पंजीकरण भी नहीं कराया था। कई जगहों पर छात्रों को भीषण गर्मी के बीच केवल एस्बेस्टस की छत के नीचे बैठकर पढ़ाया जा रहा था, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व कर रहे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को लगातार अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों से शिकायतें प्राप्त हो रही थी। शिकायतों की सत्यता जांचने के बाद कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जांच में कई कोचिंग संस्थान बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित पाए गए, जबकि कुछ संस्थान विभाग की दिशा-निर्देशों की पूरी तरह से अवहेलना कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कई कोचिंग संस्थानों के खिलाफ छात्र-छात्राओं से मनमानी ढंग से फीस वसूली करने की भी शिकायतें मिली हैं। साथ ही विद्यालय समय में कोचिंग संचालन के कारण बच्चों के नियमित स्कूल पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। विभाग इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है।