एसडीआरएफ ने दिखाया हाईटेक रेस्क्यू अभियान

  • Jun 15, 2026
Khabar East:SDRF-demonstrated-a-high-tech-rescue-operation
रायपुर,15 जूनः

प्राकृतिक आपदाओं से समय रहते निपटने और राहत-बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को बलौदा बाजार जिले के बालसमुद तालाब में राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल में जिला नगर सेना, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन का राजस्व अमला और फायर ब्रिगेड की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लेकर आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल में यह परिकल्पना की गई कि लगातार भारी वर्षा के कारण अचानक बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे आसपास के गांवों में जनजीवन प्रभावित हो गया है और लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं। सूचना मिलते ही विभिन्न विभागों की टीमें सक्रिय हुईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।इस दौरान नावों और रेस्क्यू बोट की मदद से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

 वहीं, डूबे हुए व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम और विशेष खोजी उपकरणों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।मॉक ड्रिल में यह भी बताया गया कि, आपदा के समय घरों में उपलब्ध सामान्य सामग्री जैसे बांस-बल्ली, पानी के डब्बे और प्लास्टिक की बोतलों का उपयोग भी जीवन रक्षक साधनों के रूप में किया जा सकता है। साथ ही सीपीआर, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की त्वरित सेवाओं और राहत सामग्री वितरण की कार्यप्रणाली का भी अभ्यास कराया गया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: