पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में शमिक भट्टाचार्य को नियुक्त किया है। दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार के बाद अब बंगाल भाजपा की कमान शमिक के हाथों में सौंप दी गई है। नेता प्रतिपक्ष व विधायक शुभेन्दु अधिकारी सहित भाजपा के नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर भाजपा ने कोलकाता के साइंस सिटी में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया है, जिसे लेकर पूरे संगठन में उत्साह का माहौल है। इस आयोजन को ‘शमिक-वरण’ का नाम दिया गया है और यह बंगाल भाजपा के इतिहास में अब तक का सबसे भव्य अध्यक्ष स्वागत कार्यक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2026 विधानसभा चुनाव से पहले यह समारोह पार्टी के लिए प्रचार का एक बड़ा मंच बन सकता है।
इस समारोह में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, मंगले पांडे और आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय मौजूद रहेंगे। साथ ही वरिष्ठ नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद भी बुधवार रात कोलकाता पहुंच चुके हैं और वे ही शमिक भट्टाचार्य को प्रदेश अध्यक्ष का आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपेंगे। इसके अलावा, प्रदेश के सभी विधायक, सांसद, जिलाध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक इस समारोह में उपस्थित होंगे। भाजपा के इस आयोजन से साफ है कि पार्टी अब चुनावी मोड में आ चुकी है और नए अध्यक्ष के नेतृत्व में बंगाल में एक बार फिर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए गंभीर प्रयास करने जा रही है।