ओडिशा विजिलेंस ने शनिवार को गंजाम जिले की बालियासरा ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगाने और उनके रखरखाव के नाम पर सरकारी धन के 7,24,959 रुपये के गबन के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जे. रामा राव, बालियासरा ग्राम पंचायत के पूर्व पंचायत कार्यकारी अधिकारी (पीईओ), जो वर्तमान में रंगेइलुंडा ब्लॉक में पीईओ के पद पर कार्यरत हैं, सब्यसाची गंतायत, कविसूर्यनगर ब्लॉक के जूनियर इंजीनियर (बालियासरा ग्राम पंचायत के प्रभारी) और पुरुषोत्तमपुर स्थित मां तारा तारिणी कंस्ट्रक्शन के संचालक एवं ठेकेदार कृष्ण चंद्र बेहरा के रूप में हुई है।
ओडिशा विजिलेंस ने कविसूर्यनगर ब्लॉक अंतर्गत बालियासरा ग्राम पंचायत के पांच गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने और उनके रखरखाव के लिए सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायतों के बाद विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान पता चला कि बालियासरा ग्राम पंचायत में कुल 122 स्ट्रीट लाइट लगाने का दावा किया गया था, जबकि ठेकेदार कृष्ण चंद्र बेहरा ने मौके पर केवल 20 लाइटें ही लगाई थीं। शेष 102 स्ट्रीट लाइटें कभी लगाई ही नहीं गईं।
इसके बावजूद, तत्कालीन पंचायत कार्यकारी अधिकारी जे. रामा राव, जूनियर इंजीनियर सब्यसाची गंतायत और बालियासरा ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच झूली सेठी ने कथित तौर पर सभी 122 स्ट्रीट लाइटें लगाने का फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर वित्तीय वर्ष 2021-22 में ठेकेदार बेहरा के पक्ष में 7,75,939 रुपये का भुगतान जारी कर दिया।
102 स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाए जाने के कारण 6,83,465 रुपये की सरकारी राशि का गबन किया गया।
इसके अलावा, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के नाम पर जे. रामा राव को 97,500 रुपये का भुगतान किया गया था। हालांकि, भौतिक सत्यापन में पता चला कि 41,493 रुपये मूल्य का रखरखाव कार्य कभी किया ही नहीं गया और इस राशि का भी राव ने गबन कर लिया।
इस तरह बालियासरा ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगाने और उनके रखरखाव के नाम पर कुल 7,24,958 रुपये की सरकारी राशि के गबन का मामला सामने आया है।
इस मामले में ओडिशा विजिलेंस ने जे. रामा राव, सब्यसाची गंतायत, कृष्ण चंद्र बेहरा और बालियासरा ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच झूली सेठी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को ब्रह्मपुर स्थित विशेष विजिलेंस न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जा रहा है।