ओडिशा सरकार चक्रवात ‘अक्वान’ से हुए नुकसान का आकलन 22 नवंबर से शुरू करेगी। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चक्रवात से संबंधित ड्यूटी के लिए विभिन्न स्थानों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की रविवार से वापसी शुरू हो जाएगी, ताकि नुकसान के आकलन का काम शुरू किया जा सके।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि चक्रवात के कारण जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें सरकारी नियमों के अनुसार कृषि इनपुट सब्सिडी दी जाएगी। इसके अलावा, बारिश के पानी में डूबने या भीगने से धान की फसल को नुकसान पहुंचने वाले किसानों को भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।
इस बीच, राज्य सरकार भविष्य में बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने और बाढ़ प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए एक व्यापक दीर्घकालिक योजना तैयार कर रही है।