बिहार लोक भवन में पटना हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस वी. कामेश्वर राव का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उनको उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद भी रहे। शपथ ग्रहण के साथ ही जस्टिस वी. कामेश्वर राव पटना हाईकोर्ट के 49वें चीफ जस्टिस के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। इस समारोह को बिहार की न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्य न्यायाधीश को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बिहार सरकार के अधिकारी और कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में दिल्ली हाईकोर्ट के जज वी कामेश्वर राव के नाम की अनुशंसा की थी। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने 6 अगस्त 2026 की एक बैठक में इनके नाम की अनुशंसा की थी।
इससे पूर्व पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुई। उसके बाद से वरीय जज जस्टिस सुधीर सिंह एक्टिंग चीफ जस्टिस के रुप में कार्य कर रहे हैं।
जस्टिस वी. कामेश्वर राव का जन्म 7 अगस्त, 1965 को हुआ था। 1987 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। दिल्ली बार काउंसिल में मार्च, 1991 में उन्होनें स्वयं को निबंधित कराया। सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट, कैट समेत कई अन्य अदालतों में 20 बरसों तक प्रैक्टिस किया। 2010 में उन्हें सीनियर एडवोकेट बनाया गया। उन्हें सेवा मामलों, श्रम कानून, संवैधानिक, प्रशासनिक व मध्यस्थता मामलों में विशेषज्ञता प्राप्त रही। 17 अप्रैल, 2013 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का एडीशनल जज नियुक्त किया गया।
18 मार्च, 2015 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट में स्थायी जज बनाया गया। 2024 में उनका स्थानांतरण कर्नाटक हाईकोर्ट हुआ। मई 2025 में उन्होंने वहां एक्टिंग चीफ जस्टिस के रूप में कार्य किया। पुनः जुलाई, 2025 वे दिल्ली हाईकोर्ट के जज के रुप वापस आए। उन्हें अब पटना हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया हैं।