देवगढ़ आदर्श थाना क्षेत्र के सुनामुंडा गांव में देसी पिस्तौल लेकर लोगों को धमकाने और दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनामुंडा गांव निवासी रोहित बेहरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह देसी पिस्तौल लेकर गांव में घूम रहा था और स्थानीय लोगों को डरा-धमका रहा था। हाल ही में वह रघुनाथ नायक के घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
रघुनाथ नायक की शिकायत पर देवगढ़ आदर्श थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री भी बरामद की।
इस मामले में देवगढ़ आदर्श थाने में केस संख्या 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 296, 351(3) और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(बी) और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज चोपदार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।