जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी ने वार्निंग लेवल भी पार कर दिया है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। सुबह 11 बजे नदी का जलस्तर 12.350 मीटर दर्ज किया गया था, जो महज एक घंटे बाद दोपहर 12 बजे ही बढ़कर 13.500 मीटर पहुंच गया। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन नजर बनाए हुए है। बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने के कारण आशंका जताई जा रही है कि शाम तक नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। यदि ऐसा होता है तो भोपालपटनम और आसपास के निचले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी प्रवेश कर सकता है। इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ संपर्क मार्गों पर भी असर पड़ने की आशंका है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी के किनारे नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। राहत एवं बचाव दलों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई छोटे नाले और जलधाराएं भी उफान पर हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले स्थानों को पार नहीं करने की अपील की गई है।
प्रशासन जल संसाधन विभाग और मौसम विभाग से लगातार जानकारी लेकर हालात की निगरानी कर रहा है। फिलहाल इंद्रावती नदी के बढ़ते जलस्तर ने भोपालपटनम क्षेत्र में बाढ़ की आशंका को बढ़ा दिया है। यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो आने वाले कुछ घंटों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।