सावन की तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी के शुभ संयोग पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। देश के कोने-कोने से पहुंचे कांवरिया और श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए अहले सुबह से ही कतार में खड़े हैं। मंदिर में भीड़ का आलम यह है कि पूरा बाबा धाम हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा है।
सुबह 4:30 बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने भीतरी अरघा और बाहरी अरघा के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ पर जलाभिषेक शुरू किया। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। शहर के तमाम वरीय अधिकारी मंदिर परिसर में कैंप कर लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
तीसरी सोमवारी को लेकर पहले से ही प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई थी। वहीं, आज सोमवारी, नाग पंचमी और संक्रांति के संयोग के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आज बाबा धाम में करीब 5 लाख श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच सकते हैं।