बिहार कांग्रेस में ऑल इज नॉट वेल, सांसद के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

  • Apr 26, 2026
Khabar East:All-is-not-well-within-the-Bihar-Congress-MPs-statement-sparks-political-stir
कटिहार,26 अप्रैलः

बिहार कांग्रेस में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर के ताजा बयान ने इस बात को और बल दे दिया है कि प्रदेश संगठन के भीतर असंतोष और गुटबाजी गहराती जा रही है। ऐसे में सांसद के बयान के बाद बिहार कांग्रेस में बड़े राजनीतिक बदलाव और भूचाल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कटिहार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद तारिक अनवर ने साफ संकेत दिया कि बिहार कांग्रेस की मौजूदा स्थिति संतोषजनक नहीं है।

तारिक अनवर ने कहा कि मैंने अपने स्तर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखित रूप से अवगत करा दिया है। अभी कई राज्यों में चुनाव चल रहे हैं। परिणाम आने के बाद हो सकता है कि कोई निर्णय लिया जाए।

 दरअसल, पिछले कुछ समय से कटिहार कांग्रेस लगातार विवादों में रहे हैं। कभी पूर्व विधायक डॉ. शकील अहमद द्वारा सांसद पर गंभीर आरोप लगाए गए, तो कभी मनिहारी से कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह पर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे। अब जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के इस्तीफे के बाद संगठन में अंतर्कलह और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है।

 सूत्रों की मानें तो, विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के दौरान भी प्रदेश नेतृत्व पर कई तरह के आरोप लगे थे। अब जिला स्तर की राजनीति में हस्तक्षेप और संगठन को कमजोर करने के आरोपों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: