बरुईपुर कांड में नाबालिग की प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आयी है। इसमें 11 वर्षीया नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और उसके बाद सिर पर किसी भारी चीज से हमला करने की पुष्टि हुई है। रविवार की रात को ही काटापुकुर मॉर्ग में बच्ची का पोस्टमार्टम किया गया। इस रिपोर्ट में प्राथमिक तौर पर बताया जाता है कि बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। इसके बाद बेहोशी की हालत में बच्ची को बोरी में बंद कर तालाब में फेंक दिया गया। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बच्ची के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं जो किसी जगह पर ठोकर लगने या भारी वस्तु से हमला करने की वजह से बनते हैं। इसके साथ ही बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर भी चोट के निशान मिले हैं।
बरुईपुर में 11 वर्षीया बच्ची से दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या के मामले में मुख्य आरोपी आनंद सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरुईपुर जिला पुलिस ने उसे बारुईपुर बाजार इलाके से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़ कर अब 3 हो गयी है।
बता दें, सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि इस मामले में पीड़ित परिवार जो चाहता है, वहीं होगा। बच्ची से दुष्कर्म, अत्याचार और हत्या के मामले में कैपिटल पनिशमेंट होने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही है। परिस्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बारुईपुर व आसपास के इलाकों में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गयी है।