झारखंड पर मानसून मेहरबान, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

  • Jul 06, 2026
Khabar East:Monsoon-smiles-on-Jharkhand-heavy-rain-alert-for-8-districts
रांची,06 जुलाईः

झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम केंद्र ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। रांची में सुबह से ही रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है।6 जुलाई को झारखंड के लगभग सभी जिलों में आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र रांची का कहना है कि दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहेगा और कहीं-कहीं तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।

 मौसम केंद्र ने सोमवार को रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इन जिलों में जलभराव, दृश्यता कम होने और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि राज्य के अलग अलग हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे मौसम में खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने की अपील की गई है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: