पश्चिम बंगाल को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार हर कदम उठाएगी। पश्चिम बंगाल अब एक कमजोर राज्य बनकर नहीं रहेगा बल्कि यह एक मजबूत राज्य बनेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल को नए सिरे से विकसित करने के लिए व्यापारियों और उद्योगपतियों से राज्य में निवेश करने का आह्वान किया। सिर्फ इतना ही नहीं, पूर्व की तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो नुकसान होना था, वह तो हो चुका है। अब समय है इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता तलाशने की। मिलन मेला परिसर में आयोजित वस्त्र उद्योग सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल के वस्त्र उद्योग के विकास की काफी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वस्त्र उद्योग को मदद करने का आश्वासन भी दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्थिति सुधारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रयासरत हैं। ‘राज्य दिवस’ के मौके पर वे बंगाल आए और कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने सभी केंद्रीय मंत्रियों से तुरंत बंगाल जाने और वहां काम करने का निर्देश दिया था। उनका कहना था कि किसी भी प्रकार से पश्चिम बंगाल को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करना होगा।
औद्योगिकीकरण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और उद्योगपतियों से कहा कि सबसे पहले कानून-व्यवस्था को ठीक करना होगा। गुंडागर्दी, सिंडिकेट, कट मनी और वसूली जैसी स्थितियों को बदलना होगा। उन्होंने आगे कहा कि उद्योगों के विकास के लिए अच्छी नीतियां बनाई जाएंगी। भूमि की व्यवस्था की जाएगी। सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा।