केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत ओडिशा की 10 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए 769 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से खासकर राज्य के दूरदराज क्षेत्रों की कनेक्टिविटी व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। ओडिशा में आधारभूत संरचना विकास के लिए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग सराहनीय है।
मंजूर की गई परियोजनाओं में झारसुगुड़ा जिले में डालगांव-टिलिया और चारपाली डंगुकघाट सड़क पर रामपेला एप्रोच ब्रिज का निर्माण 52.69 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से, ब्रह्मपुर में टाटा बेंज चौक से एमकेसीजी चौक तक फ्लाईओवर 146 करोड़ रुपये की लागत से, तथा गंजाम जिले के ब्रह्मपुर में गिरी रोड चौक से ओल्ड बस स्टैंड तक दूसरा फ्लाईओवर 168.26 रुपये करोड़ की लागत से शामिल है।
इसके अलावा कोरापुट जिले में सेमिलिगुड़ा-हांडीपुट सड़क विकास 38.46 करोड़ रुपये, लामतापुट-माछकुंड सड़क उन्नयन 15.20 करोड़ रुपये, नवरंगपुर जिले में उमरकोट-चंदाहांडी-मालगांव सड़क चौड़ीकरण 32.62 करोड़ रुपये, गजपति जिले में अडाबा-पानीगंड सड़क विस्तार 45.52 करोड़ रुपये, रामगिरि-जिरांग-नारायणपुर सड़क सुदृढ़ीकरण 24.80 करोड़ रुपये, नुआड़ा जिले में खरियार रोड-अमोढ़ी-बेलथुकुरी सड़क विस्तार 61.11 करोड़ रुपये तथा बालेश्वर जिले में जलेश्वर-बटग्राम-चंदनेश्वर सड़क सुधार परियोजना 184.97 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के दूरदराज इलाकों से लेकर तटीय क्षेत्रों तक फैली ये सड़क परियोजनाएं परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कारोबार के क्षेत्र में स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेंगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा देंगी।
इस मंजूरी को ओडिशा के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।