बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक

  • Apr 29, 2020
Khabar East:Chief-Minister-Hemant-Soren-mourns-the-death-of-Bollywood-actor-Irrfan-Khan
रांची,29 अप्रैलः

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर बिल्कुल हैरान और दुखी हैं। वे हमारे समय के एक असाधारण अभिनेता थे। हेमंत ने लिखा कि इरफान को उनके सार्थक और प्रभावशाली काम के लिए याद किया जाएगा। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर लिखा कि इरफान खान एक बेहतरीन अभिनेता थे, उनके निधन से दुखी हूं, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया कि मशहूर फिल्म अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन की खबर हैरान करने वाली और दुःखदायी है। फिल्मी जगत और प्रशंसकों को इनकी कमी सदैव खलेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने का संबल दें। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर लिखा कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके परिजनों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने के शक्ति प्रदान करे।

मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में बुधवार को उनका निधन हो गया। 53 साल के इरफान अपने घर में बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद एक हफ्ते से अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। उन्हें एक तरह का रेयर ब्रेन कैंसर था और उनकी कोलन इंफेक्शन की समस्या बढ़ गई थी। बीते शनिवार को ही उनकी मां सईदा बेगम का इंतकाल हो गया था। वे 95 साल की थीं और जयपुर में रहती थीं। लॉकडाउन और खुद की तबीयत खराब होने के कारण इरफान मां के जनाजे में शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए मां को आखिरी विदाई दी थी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: