कांग्रेस के वोट चोरी अभियान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बेफिजूल का आरोप कांग्रेस लगाती है. अपनी कमजोरी, गिरेबान में झांकने के बजाए कांग्रेस कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। इससे पता चलता है कि 17 नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस हार मान चुकी है। हार के बहाने ढूंढने का काम कांग्रेस कर रही है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव गुरुवार को मीडिया से रू-ब-रू हुए। इस दौरान उन्होंने भूपेश बघेल के सोशल मीडिया पर ‘राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है’ पोस्ट पर तंज कसते हुए कहा कि किसकी लाइन लेंथ बिगड़ रही है, यह देश देख रहा है। किनसे हाथ मिला रहे हैं, गले लग रहे हैं, पर कोई भाव नहीं दे रहा है। जिस नेता के नेतृत्व में कांग्रेस 100 चुनाव हारी है, उसे कौन ही भाव देगा।
एसआईआर पर भाजपा के कार्टून पोस्ट पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि घुसपैठियों के पक्ष में कांग्रेस खड़ी हो रही है। देश में आजादी के बाद 12 बार एसआईआर हो चुका है। 12 में 10 बार कांग्रेस सरकार रही है। उस समय देश में कहीं हल्ला नहीं हुआ। दरअसल, कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रम पैदा करना चाहती है। कांग्रेस के खाते में वोट नहीं है तो चोरी होगी कैसे। जनता कांग्रेस को वोट नहीं दे रही है तो वोट चोरी कैसे होगी।