ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर की 23 वर्षीय एक युवती ने आरोप लगाया है कि वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में मदद का भरोसा दिलाने वाले एक व्यक्ति ने पुरी जिले के पिपिली क्षेत्र के एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में धौली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीतू उर्फ हिमांशु सामल (36) के रूप में हुई है, जो जाजपुर जिले के बड़चाना क्षेत्र का निवासी है।
इस संबंध में प्रेस वार्ता कर डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया कि पीड़िता और उसकी मां ने धौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना पुरी जिले के पिपिली क्षेत्र के एक होटल में हुई थी। मामले की संवेदनशीलता और मानवीय आधार पर केस को पिपिली थाना स्थानांतरित करने के बजाय धौली थाने में ही दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, नौकरी की तलाश कर रही पीड़िता एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आई थी, जिसने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 30 हजार रुपये लिए थे। उक्त व्यक्ति ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की थी और उनसे प्राप्त धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में जमा कराई गई थी।
जब पीड़िता और उसकी मां को मामले में परेशानी की आशंका हुई, तो उन्होंने जीतू सामल से मदद मांगी। आरोप है कि जीतू ने इस स्थिति का फायदा उठाया। उसने एक अज्ञात नंबर से खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़िता और उसकी मां को फोन किया तथा वित्तीय धोखाधड़ी मामले में फंसने का डर दिखाया।
डरी हुई पीड़िता ने जब उससे सहायता मांगी, तो आरोपी उसे शिकायत दर्ज कराने के बहाने पिपिली ले गया। पुलिस के मुताबिक, थाने ले जाने के बजाय वह उसे एक होटल में ले गया, जहां रात में उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
आरोप है कि अगले दिन आरोपी ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी और कहा कि यदि उसने मुंह खोला तो वह वित्तीय मामले में उसकी संलिप्तता उजागर कर देगा।
जब आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, तब धौली पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।