जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को देवघर पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, आरोपी के पास से करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, एसपी के निर्देश के बाद एसडीपीओ देवघर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने जसीडीह बस स्टैंड के समीप छापेमारी अभियान चलाया, जहां एक संदिग्ध युवक को पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान युवक के पास से करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ है। पूछताछ में उसकी पहचान छोटू मंडल के रूप में हुई है, जो बिहार के भागलपुर जिले के सबौर का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने नशीले पदार्थों की खरीद फरोख्त में संलिप्त होने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, वह भागलपुर से देवघर नशीला पदार्थ बेचने के उद्देश्य से आया था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों का सेवन, तस्करी या खरीद-बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी शख्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी तरीके से काम किया जा सके।