बंगाल के स्कूलों में मिलने वाले मिड-डे मील से अंडा हटा दिया गया है। सरकार ने मिड-डे मील का जिम्मा इस्कॉन को दे दिया है और इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस-ISKCON) ने मेन्यू से अंडा हटाकर पूरा मेन्यू वेजिटेरियन कर दिया है। अंडा प्रोटीन का सबसे लोकप्रिय सोर्स है, लेकिन ऐसा नहीं है कि वेजिटेरियन फूड से प्रोटीन मिलता ही नहीं है। अगर भोजन संतुलित हो तो कई शाकाहारी चीजें भी शरीर को पर्याप्त प्रोटीन दे सकती हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई विकल्प फाइबर, कैल्शियम, आयरन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी देते हैं।
शरीर को मांसपेशियां बनाने, ऊतकों की मरम्मत करने और ग्रोथ के लिए प्रोटीन चाहिए। प्रोटीन ब्लड शुगर को स्थिर रखता है। इसके बिना ब्लड शुगर का स्तर तेजी से ऊपर-नीचे होता है, जिससे थकान और कमजोरी महसूस होती है। एक स्वस्थ व्यक्ति को उसके प्रति किलोग्राम वजन के हिसाब से रोज़ाना 0.8-1 ग्राम प्रोटीन की आवश्यकता होती है। (जैसे- 60 किलो वजन = 48 से 60 ग्राम प्रोटीन रोज़ाना)। अंडा प्रोटीन एक अच्छा स्रोत है, लेकिन अगर कोई शाकाहारी है या अंडा नहीं खाता, तो चिंता की जरूरत नहीं है। सही मात्रा में अलग-अलग शाकाहारी प्रोटीन स्रोतों को मिलाकर खाने से शरीर की जरूरत आसानी से पूरी की जा सकती है।