राजधानी भुवनेश्वर के यूनिट-1 मार्केट में शनिवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग में दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस आगजनी में लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है।
सूत्रों के अनुसार, आग सुबह होने के कुछ समय पहले एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते आग पड़ोसी दुकान तक फैल गई। दोनों दुकानें पूरी तरह जल गईं और उनमें रखा भारी मात्रा में सामान भी नष्ट हो गया।
सूचना मिलते ही भुवनेश्वर फायर स्टेशन की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को लगाया गया। कई घंटों तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की अन्य दुकानों और बाजार में मौजूद स्टॉल तक फैलने से रोक लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेज होने के दौरान दुकानदारों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने आग की लपटें तेज होने से पहले जितना संभव हो सका, उतना सामान बाहर निकालने का प्रयास किया।
भुवनेश्वर के सहायक अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, घटना में दो दुकानें प्रभावित हुई हैं। इनमें एक किराना दुकान और दूसरी खाली दुकान थी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।