बिलासपुर के अटल आवास में लगी आग के बाद 75 लोगों का रस्सी के सहारे रेस्क्यू किया गया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में अफरा तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोग पहली और दूसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरे। घटना मे 4 से 5 बाइक जल गई है। जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। रविवार देर रात मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग और धुएं के कारण आवास में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी फंस गए। ऐसे में स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए रस्सी और कपड़ों की मदद से 75 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में रविवार देर रात करीबन 1 बजे के आसपास अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैलने लगा। आग की चपेट में आने से वहां खड़ी चार से पांच बाइक जलकर खाक हो गईं। आग और धुएं को देखकर आवास में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने फोन पर बताया कि घटना में नीचे खड़ी कई बाइक जल गई हैं। किसी प्रकार जनहानि नही हुई फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।