खूंटी में पुल निर्माण साइट पर फायरिंग, मजदूरों की एकजुटता के आगे अपराधी पस्त

  • May 18, 2026
Khabar East:Firing-at-bridge-construction-site-in-Khunti-criminals-defeated-by-workers-solidarity
रांची,18 मईः

तोरपा थाना क्षेत्र के सोंदारी पाकर टोली में निर्माणाधीन पुल साइट पर रविवार रात हुई फायरिंग और लूट की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मामले की पुष्टि करते हुए तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने निर्माण स्थल पर फायरिंग की है। पुलिस मौके से अपराधियों द्वारा छोड़ी गई अपाचे बाइक बरामद कर चुकी है और आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने पीएलएफआई कनेक्शन से भी इनकार नहीं किया है। क्या है पूरा मामला दरअसल, सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहे पुल निर्माण स्थल पर एक अपाचे बाइक से पहुंचे तीन अपराधियों ने मजदूरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब एक दर्जन मजदूरों के मोबाइल फोन लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मजदूरों की एकजुटता का दिखा असर हालांकि अपराधियों के हमले के बावजूद मजदूरों ने साहस का परिचय दिया। सभी मजदूर एकजुट होकर लाठी-डंडा लेकर अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े। मजदूरों का विरोध देख बदमाश घबरा गए और अपनी अपाचे बाइक मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। मजदूरों की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई और निर्माण कार्य भी बाधित होने से बच गया।

 घटना की सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बरामद बाइक के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: