सावन की आखिरी सोमवारी के मौके पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा है। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। आखिरी सोमवारी को लेकर भगवान बैद्यनाथ मंदिर का पट सुबह 4:30 बजे खोला गया। पट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ के शिवलिंग पर जलार्पण शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।मंदिर के सरदार पंडा गुलाब नंद झा ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ के लिए बेहद खास माना जाता है और सावन की सोमवारी का अपना विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के लिए बेलपत्र, जल और सच्ची आस्था सबसे महत्वपूर्ण है। सोमवार के दिन बाबा पर जलाभिषेक करने से श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होती है, इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में भक्त बाबा धाम पहुंच रहे हैं।
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पिछली सोमवारी की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
वहीं देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रात से ही पुलिसकर्मी और पदाधिकारी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराने में जुटे हुए हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।