बिहार के भागलपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने तबाही मचाई है। नौगछिया इलाके में कजिकोरैया-राघोपुर सीमांत तटबंध सोमवार सुबह 3 बजे ध्वस्त हो गया। तटबंध लगभग 50 मीटर के दायरे में टूटा है, जिसके बाद बाढ़ का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों में घुस गया। इस घटना से सबसे ज्यादा असर राघोपुर इलाके में देखने को मिला है। यह इलाका बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का गांव है। तटबंध टूटते ही मंत्री के आवास में भी बाढ़ का पानी घुस गया और पूरा इलाका जलमग्न हो गया। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर की डीएम समेत आपदा प्रबंधन के सभी बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए हैं और तटबंध को बचाने के लिए फ्लड फाइटिंग का काम जारी है। हालांकि, गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिस वजह से मरम्मत कार्य में काफी बाधा आ रही है।
फिलहाल प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्यों में जुटी है। तटबंध टूटने से नवगछिया के कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। आसपास के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता बढ़ी हुई है। जल संसाधन विभाग की टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी है, जबकि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।