जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। दो कार की आमने सामने टक्कर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तखतपुर के पास दशरंगपुर निवासी एक परिवार अपनी कार से कूई गांव जा रहा था। कार में पति-पत्नी और उनका बेटा सवार थे।
इसी दौरान कुकदूर थाना क्षेत्र के लोखान गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। कार सवार की मौके पर मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सामने से आ रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में कार चालक पुनाराम विश्वकर्मा निवासी बिरकोना की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में दोनों वाहनों में सवार कुल पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कुकदूर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। फिलहाल कुकदूर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।