ओडिशा के ढेंकानाल जिले में पुराने कटक-संबलपुर मार्ग पर रासोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कोट्टम के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी पर सवार युवकों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायलों को बचाया और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रासोल थाना क्षेत्र के तलसाही निवासी शिक्ष्या प्रसाद साहू के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि, वहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले अन्य दो युवकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वे अंगुल जिले के कॉलेज छक इलाके के निवासी थे।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय तीनों युवक भुवनेश्वर से लौट रहे थे। तभी यह दुर्घटना हुई।