सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बैद्यनाथ महतो जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13की पार्षद खुशदिल देवी के पति थे। बताया जा रहा है कि वह सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान पथरिया श्मशान घाट के पास बाइक सवार चार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब आठ गोलियां लगने से बैद्यनाथ महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर जुट गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ विरोध जताने लगे। आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपित बताए जा रहे गांव के ही एजाज के घर में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए12थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अमित रंजन और एसडीएम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में इंस्पेक्टर अनिल राम और ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी। दो दरोगा को भी ग्रामीणों ने मौके से खदेड़ दिया। उग्र भीड़ ने पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। करीब छह वाहन क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद डुमरा थाना और सीतामढ़ी समाहरणालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि शराब कारोबार के विरोध और शराब कारोबारी के खिलाफ शिकायत को लेकर बैद्यनाथ महतो का विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।