खैरागढ़ में दो हजार लोगों ने लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प

  • Sep 12, 2026
Khabar East:Two-thousand-people-in-Khairagarh-took-a-pledge-for-cybersecurity
खैरागढ़,12 सितंबरः

साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर खैरागढ़ में साइबर जागृति अभियान के तहत बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित IKSV ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में करीब दो हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने की। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बदल रहे हैं और थोड़ी सी लापरवाही लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।

 पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस की ओर से साइबर अपराधों से बचाव को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। खासकर विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल फ्रॉड के नए तरीकों के बारे में जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने मौजूद लोगों से भी सेल्फी के जरिए सोशल मीडिया पर साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाने की अपील की।

 अधिकारियों ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जागरूक रहें, डिजिटल माध्यमों का सावधानी से इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: