खुर्दा में चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार

  • Nov 03, 2026
Khabar East:Khordha-Police-Bust-Inter-Dist-Burglary-Gang-Recover-500g-Gold-11Kg-Silver-12-Arrested
भुवनेश्वर,03 नवंबरः

ओडिशा के खुर्दा जिला पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में चोरी के 11 आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाला एक व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 500 ग्राम सोने के आभूषण और 11 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

 पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कार्रवाई से पिछले दो वर्षों के दौरान खुर्दा जिले के चार थाना क्षेत्रों और पड़ोसी नयागढ़ जिले के एक थाना क्षेत्र में हुई चोरी की 15 घटनाओं का खुलासा हुआ है।

 ये मामले खुर्दा जिले के टांगी, नाचुनी, बाणपुर और बालूगांव थानों तथा नयागढ़ जिले के चांदपुर थाने में दर्ज थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य ज्वेलरी दुकानों और घरों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। एक घटना में 27-28 अक्टूबर की रात चोरों ने बाणपुर स्थित एक आभूषण दुकान की पीछे की 10 इंच मोटी दीवार तोड़कर करीब 5 लाख रुपये नकद, 400 ग्राम सोने के आभूषण और 13 किलो चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया था।

इसी तरह, 13-14 सितंबर की रात टांगी इलाके में एक घर में घुसकर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी।

 टांगी, नाचुनी, बाणपुर और बालूगांव इलाकों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए खुर्दा के पुलिस अधीक्षक परमार स्मित परशोत्तमदास के निर्देश और बालूगांव एसडीपीओ संजय कुमार पटनायक की निगरानी में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

इन टीमों ने चोरी के तरीकों का विश्लेषण करने और खुफिया जानकारी जुटाने के बाद विभिन्न जिलों में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी के आभूषण भी बरामद किए गए।

 गिरफ्तार 12 लोगों में 11 चोरी के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी का सामान खरीदने वाला व्यक्ति है। सभी आरोपी खुर्दा, गंजाम और पुरी जिलों के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि दो जिलों में हुई चोरी की 15 घटनाओं का खुलासा इस कार्रवाई की बड़ी उपलब्धि है। इससे खासकर आभूषण कारोबारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ेगा। मामले की आगे जांच जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: