आठ नवंबर को काली पूजा और दिवाली है। इससे पहले कोलकाता में गाड़ियों की आवाजाही को लेकर पुलिस ने कई दिशा-निर्देश और पाबंदियां जारी की हैं। हाल ही में कोलकाता पुलिस के कमिश्नर अजय नंदा ने एक सर्कुलर जारी किया है जिसमें बताया गया है कि 8 नवंबर की सुबह 6 बजे से लेकर 9 नवंबर की अहले सुबह 4 बजे तक सिर्फ मूर्तियों को लेकर आवाजाही करने वाली गाड़ियों के अलावा अन्य किसी भी मालवाही गाड़ी को महानगर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। बताया जाता है कि इस दौरान कोलकाता के भीतर भी मालवाही गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदी लगी रहेगी। इसके अलावा, पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात करने और कई महत्वपूर्ण रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने का फैसला लिया है।
कोलकाता पुलिस के निर्देशानुसार 8 नवंबर की शाम 4 बजे से 9 नवंबर की भोर 4 बजे तक 17 प्रमुख रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा जिसमें शामिल हैं –
बंकिम चटर्जी स्ट्रीट, सूर्य सेन स्ट्रीट, एस. एन. बनर्जी रोड, कॉलेज स्ट्रीट, लेनिन सरणी, मुदियाली रोड, टॉलीगंज रोड, केसब चटर्जी सेन स्ट्रीट और राजा राममोहन राय सरणी।
हालांकि कोलकाता ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी ये प्रतिबंध एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, एनडीआरएफ, रक्त, पानी, ऑक्सीजन, दवा, खाद्य उत्पाद, नगर निगम की आपातकालीन सेवाओं पर लागू नहीं होगा।