जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए ओडिशा में मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले दो महीनों तक चलेगा। जनगणना संचालन निदेशक निखिल पवन कल्याण ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
देशव्यापी जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत सोमवार को भुवनेश्वर स्थित गोपबंधु प्रशासनिक अकादमी में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कल्याण ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां पिछले तीन महीनों से चल रही हैं। पिछले महीने विभिन्न राज्यों के राष्ट्रीय प्रशिक्षकों को दिल्ली में प्रशिक्षण दिया गया था। ओडिशा में जनगणना संचालन निदेशक के कार्यालय में तीन राष्ट्रीय प्रशिक्षक हैं, जो राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण देंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक जिले के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें वरिष्ठ अधिकारी, जनगणना समन्वयक और नोडल अधिकारी शामिल हैं।
कल्याण के अनुसार, मास्टर ट्रेनर इसके बाद जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे। ये फील्ड ट्रेनर आगे जनगणना प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रशिक्षण देंगे।
पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध प्रशिक्षण मॉडल के तहत संचालित होगी। इसकी शुरुआत राष्ट्रीय प्रशिक्षकों से होगी, इसके बाद मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे। अंत में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण की पूरी प्रक्रिया अगले दो महीनों में पूरी होने की उम्मीद है।
कल्याण ने आगे बताया कि जनगणना 2027 के दूसरे चरण में कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें व्यक्तिगत विवरण, जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारी, पहचान से जुड़े आंकड़े और अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल होंगी।
इस बीच, केंद्र सरकार ने अधिकांश राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अगली जनगणना कराने के लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, स्व-गणना की प्रक्रिया 10 जनवरी से शुरू होगी।