बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में विस्थापितों के नियोजन की मांग को लेकर सेक्टर-3 स्थित टू-टैंक गार्डन में पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठीं बोकारो विधायक श्वेता सिंह की तबीयत खराब हो गई। इसकी सूचना मिलने पर उपायुक्त अजय नाथ झा आंदोलन स्थल पहुंचे और विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आंदोलन स्थल पर पहुंचकर डीसी अजय नाथ झा ने वहां मौजूद विस्थापितों से भी बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं और मांगों को सुना। विस्थापित बीएसएल में नियोजन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। डीसी ने इस मुद्दे पर बीएसएल प्रबंधन से विस्थापितों के साथ लगातार और नियमित वार्ता करने की जरूरत बतायी, ताकि बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकाला जा सके।
डीसी ने कहा कि बीएसएल प्रबंधन को विस्थापितों के साथ नियमित रूप से संवाद करना चाहिए। बातचीत और समन्वय के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की दिशा में प्रयास जरूरी है। विधायक की तबीयत खराब होने की सूचना पर प्रशासन की ओर से तत्काल पहल की गयी। विस्थापितों के नियोजन का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में रहा है। फिलहाल आंदोलन स्थल पर विधायक की स्वास्थ्य स्थिति और विस्थापितों की मांगों को लेकर आगे की पहल महत्वपूर्ण होगी।