एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

  • Oct 20, 2026
Khabar East:MLC-candidate-Neeraj-Kumars-health-deteriorates-admitted-to-hospital
नालंदा,20 अक्टूबरः

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। सिवान जिले में पूजा के दौरान उन्हें कार्डियक अटैक आया, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में पटना लाया गया और देर शाम मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल नीरज कुमार मेदांता अस्पताल के आईसीयू में डॉक्टरों की 24 घंटे निगरानी में इलाज करा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है और इलाज जारी है। डॉक्टरों की ओर से उनकी तबीयत को लेकर कोई विस्तृत अपडेट जारी नहीं किया गया है। वे पहले से हार्ट के मरीज बताए जाते हैं। आगामी 23 अक्टूबर को बिहार की आठ सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव से महज 72 घंटे पहले यह घटना हुई है। इस बार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे चर्चित सीटों में से एक है, जहां नीरज कुमार जदयू के आधिकारिक प्रत्याशी हैं।

 मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो और प्रचार कर रहे हैं। वे मतदाताओं से अनुज कुमार के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं, जिससे सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग तेज हो चुकी है और कई बड़े खुलासे भी हो रहे हैं।

 पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने दो बार बैठक कर अनंत सिंह को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है। वे नीतीश कुमार के साथ पहले भी खड़े थे और आज भी हैं, लेकिन नीरज कुमार द्वारा किए गए धोखे के खिलाफ हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: