बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (बीएसई), ओडिशा ने गुरुवार को घोषणा की है कि वार्षिक हाई स्कूल सर्टिफिकेट (AHSC) परीक्षा 2026 का परिणाम दो मई को शाम चार बजे जारी किया जाएगा। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य की सबसे महत्वपूर्ण स्कूल स्तरीय सार्वजनिक परीक्षा मानी जाने वाली एएचएससी परीक्षा का परिणाम स्टेट ओपन स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 (प्रथम) और मध्यमा परीक्षा 2026 के परिणामों के साथ घोषित किया जाएगा।
छात्र शाम 6 बजे से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। जिन क्षेत्रों में इंटरनेट सुविधा सीमित है, वहां छात्र एसएमएस के जरिए भी अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए “OR10” टाइप कर 5676750 नंबर पर भेजना होगा।
बोर्ड ने यह भी जानकारी दी कि विद्यालयों के प्रधानाचार्य उसी दिन शाम 7 बजे से टैबुलेशन रजिस्टर (TR) डाउनलोड कर सकेंगे। इससे सप्लीमेंट्री एचएससी परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्रों के फॉर्म भरने की प्रक्रिया आसान होगी।
इस बीच, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को 2 मई को शाम 4 बजे कटक स्थित बोर्ड मुख्यालय में आयोजित आधिकारिक रिजल्ट प्रकाशन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह घोषणा बीएसई ओडिशा के अध्यक्ष श्रीकांत तराई ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की है।