ओडिशा सरकार ने मंगलवार को ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27’ के लिए दिशा-निर्देश (गाइडलाइन) जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही राज्य की प्रमुख तीर्थ यात्रा योजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी सहायता के साथ देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान करना है।
उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री प्रभाति परिडा ने भुवनेश्वर स्थित पर्यटन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान योजना की गाइडलाइन जारी की। उन्होंने कहा कि यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम तीर्थ यात्रा उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रभाति परिडा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने समाज के लिए अमूल्य योगदान दिया है। यह योजना उनकी आध्यात्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उचित व्यवस्था और आवश्यक सहयोग के साथ तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, योजना शुरू होने के बाद से अब तक 45,555 से अधिक वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठाकर देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं।
नई गाइडलाइन के अनुसार, वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन 15 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। पात्र वरिष्ठ नागरिक yatra.odisha.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या निर्धारित ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत भी आवेदन जमा कर सकते हैं।
पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर आवेदन पत्र के साथ पात्रता, चयन प्रक्रिया और योजना के संचालन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं।
इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को देश के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना और उन्हें सुविधाजनक एवं परेशानी-मुक्त तीर्थ यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।
प्रेस वार्ता में पर्यटन विभाग के आयुक्त-सह-सचिव बलवंत सिंह, पर्यटन निदेशक दीपंकर महापात्र, आईआरसीटीसी भुवनेश्वर के क्षेत्रीय अधिकारी अनुज दत्त तथा आईआरसीटीसी एवं पर्यटन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।