कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक द्वारा गुरुवार को बुलाए गए 12 घंटे के ओडिशा बंद के बावजूद राज्य में निजी बस सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। ओडिशा प्राइवेट बस ऑनर्स एसोसिएशन ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रियव्रत त्रिपाठी ने कहा कि बंद के समर्थन में बस सेवाएं रोकने का अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।
त्रिपाठी ने कहा कि निजी बस सेवाएं बंद रखने के समर्थन के लिए किसी ने भी बस मालिकों से संपर्क नहीं किया है और न ही एसोसिएशन से समर्थन मांगा है।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन का फिलहाल गुरुवार को बस सेवाओं को सामान्य रूप से जारी रखने का निर्णय है। हालांकि, यदि आगे कोई नया फैसला लिया जाता है तो स्थिति बदल सकती है।
इंडिया ब्लॉक ने कई मुद्दों को लेकर बंद का आह्वान किया है। इनमें एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 को तत्काल वापस लेने की मांग प्रमुख है।
विपक्षी गठबंधन ने स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में कथित त्रुटियों को लेकर ओडिशा के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की भी मांग की है।
एक अन्य प्रमुख मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ा है। इंडिया ब्लॉक ने इस प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की है।