बिहार की राजनीति में जुबानी जंग और तेज हो गई है। मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी की मौजूदा स्थिति की तुलना "खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे" जैसी कहावत से की और विपक्ष पर विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव के परिवार के पुराने कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि तेजस्वी के माता-पिता 15 साल तक सत्ता में रहे, लेकिन राघोपुर को बुनियादी विकास से वंचित रखा गया। सिन्हा के मुताबिक, जो लोग आज विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, उन्होंने अपने शासन में क्षेत्र की अनदेखी की। विकास कार्यों का श्रेय एनडीए सरकार को देते हुए सिन्हा ने कहा कि एनडीए सरकार ने ही पुल की नींव रखी थी और अब उसी सरकार के कार्यकाल में इसका उद्घाटन कर क्षेत्र को विकास की नई सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि यह काम की राजनीति का प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे का ज़िक्र करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने इसे "विकास की नई गाथा" बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में अब बड़ा बदलाव आ रहा है—अब बिहार जाति की नहीं, बल्कि जमात की राजनीति करेगा, जहां सबका साथ और सबका विकास केंद्र में होगा। राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिन्हा ने आरोप लगाया कि ये दल केवल परिवार और जाति की राजनीति करते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महापुरुष किसी जाति के मोहताज नहीं होते।
महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा लगाने की स्वीकृति पर उन्होंने कहा, "देर ज़रूर हुई, लेकिन दुरुस्त हुआ। अंत में विजय कुमार सिन्हा ने भरोसा जताया कि एनडीए के नेतृत्व में बिहार में अब किसान समृद्ध होंगे, महिलाएं उद्यमी बनेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार अब ठहराव नहीं, बल्कि तेज़ रफ़्तार से आगे बढ़ने के लिए तैयार है।