ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य ने चक्रवात ‘अक्वान’ का सफलतापूर्वक सामना किया है। अब राज्य में स्थिति सामान्य है और प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन तथा राहत एवं बहाली कार्य जारी हैं।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश प्रभाकर पाटिल ने भुवनेश्वर स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए राज्य की मौजूदा स्थिति, नुकसान के आकलन और बहाली कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संभावित चक्रवात ‘अक्वान’ और भारी बारिश से निपटने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर एहतियाती कदम उठाए थे और पूरी तैयारी की थी। शुरुआत में चक्रवात आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा था, लेकिन 18 नवंबर को अचानक इसका रुख बदलकर ओडिशा की ओर हो गया। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए।
उन्होंने कहा कि संभावित रूप से प्रभावित होने वाले गंजाम, गजपति, पुरी, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी। महज 24 घंटे के भीतर बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन सभी के सामूहिक प्रयासों से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
विशेष राहत आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री, मुख्य सचिव और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम भावना के साथ काम किया। मीडिया के माध्यम से समय पर सही दिशा-निर्देश जनता तक पहुंचाए गए, जिससे बड़े नुकसान को टालने में मदद मिली।"
उन्होंने बताया कि चक्रवात का प्रभाव पहले लगाए गए अनुमान से कम रहा है। अब यह ओडिशा के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया है। राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश हुई है, लेकिन कहीं भी चिंताजनक स्थिति नहीं है। अधिकांश स्थानों पर 50 मिमी से कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण कुछ जगहों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे जिला प्रशासन ने तत्काल दूर कर दिया।
आज उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कटक जिले में औसतन 53.5 मिमी और केंद्रापड़ा जिले में 51.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, खुर्दा में 30.7 मिमी, पुरी में 24.4 मिमी और गंजाम जिले में औसतन 23.0 मिमी बारिश हुई। गजपति जिले में सबसे कम औसत बारिश 1.2 मिमी दर्ज की गई। राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई है।
प्रभावित इलाकों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन जल्द ही किया जाएगा। प्रभावित किसानों को सरकारी नियमों के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही राज्य सरकार भूस्खलन और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार कर रही है।
राज्य सरकार ने इस दौरान सहयोग करने वाले सभी मीडिया प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।