ओडिशा के संबलपुर जिले के जुजुमुरा गांव में 10 महीने के बच्चे का शव कुएं से मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शिकायत दर्ज कराने वाली महिला ही आरोपी निकली है।
पुलिस के अनुसार, महिला विवाह से पहले गर्भवती हो गई थी। समाज में बदनामी के डर से उसने कथित तौर पर अपने 10 महीने के बेटे को कुएं में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2024 में नाबालिग रहते हुए महिला की पहचान सासन इलाके के एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए, जिसके बाद महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि, युवक ने कथित तौर पर उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला अपने नाना के घर पर रहने लगी।
बिना शादी के मां बनने के कारण समाज में बदनामी के डर से उसने कथित तौर पर अपने बच्चे को कुएं में फेंक दिया।
इस मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।