बंगाल में बेमौसम बारिश से बढ़ सकता है डेंगू-मलेरिया का खतरा

  • Nov 21, 2026
Khabar East:Unseasonal-rain-in-Bengal-could-increase-the-risk-of-dengue-and-malaria
कोलकाता,21 नवंबरः

पश्चिम बंगाल में बेमौसम बारिश और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच डेंगू और मलेरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बारिश के बाद तापमान और वातावरण में होने वाले बदलाव से मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ सकती है। इसे देखते हुए राज्य का स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि मौजूदा मौसम डेंगू और मलेरिया के लिहाज से अनुकूल नहीं है, इसलिए इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि हालिया बारिश और उसके बाद मौसम में आए बदलाव के कारण डेंगू और मलेरिया के संक्रमण की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग इस स्थिति को गंभीरता से ले रहा है और संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। डॉ. मुखर्जी के मुताबिक, डेंगू और मलेरिया की स्थिति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग हर 15 दिन में बैठक करता है। इसी सिलसिले में परसों एक और बैठक प्रस्तावित है। इसमें मौजूदा हालात और रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।

 स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पर्यावरण और मौसम पर किसी का नियंत्रण नहीं है। बारिश और तापमान में बदलाव जैसी परिस्थितियां इंसान के हाथ में नहीं होतीं, लेकिन इनके संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। स्वास्थ्य विभाग भी इसी दिशा में जरूरी एहतियाती और नियंत्रण संबंधी कदम उठा रहा है।दरअसल, डॉ. शरद्वत मुखर्जी रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान में आयोजित नेशनल एनुअल कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान, शिशु मंगल और विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एक ही परिसर में संचालित चिकित्सा संस्थान हैं।

 स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रामकृष्ण मिशन द्वारा संचालित इस अस्पताल की शुरुआत वर्ष 1936 में हुई थी। यहां आयोजित राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में साधु-संतों, मरीजों, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल शिक्षकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन के साथ साधु-संतों को सम्मानित भी किया गया। फिलहाल, बेमौसम बारिश के बीच डेंगू और मलेरिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और आगामी समीक्षा बैठक पर नजर रहेगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: