लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर रोशनी खलखो ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। महापौर रोशनी खलखो ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब और पावर हाउस छठ तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
महापौर ने निगम की ओर से चलाए जा रहे सफाई अभियान पर संतोष जताया और छठ महापर्व तक सभी घाटों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पूजा के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो। छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महापौर ने विशेष निर्देश दिए।
उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और घेराबंदी करने को कहा, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। इसके अलावा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।