राजधानी बिहटा थानाक्षेत्र के आनंदपुर बांध के पास मंगलवार की देर रात 2:30 बजे पटना पुलिस और दो कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जहां पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों कुख्यात अपराधियों के पैर में गोली मारी है। इसके बाद घायल अवस्था में दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों घायलों को पहले बिहटा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया गया है। हथियार बरामद: पुलिस ने घटनास्थल से कई हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार कुख्यात अपराधियों की पहचान विदेशी राय एवं पप्पू राय के रूप में हुई है। दोनों शार्प शूटर थे और उन पर पटना जिले सहित अन्य कई जिलों में हत्या, लूट एवं कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार STF को सूचना मिली थी कि दोनों अपराधी बिहटा थानाक्षेत्र में हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। जिसके बाद STF और स्थानीय बिहटा पुलिस को दोनों कुख्यात अपराधियों का लोकेशन बिहटा के आनंदपुर गांव के बांध के पास मिला। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र में घेराबंदी की और उन्हें सरेंडर करने को कहा। हालांकि लेकिन दोनों कुख्यात अपराधी पुलिस पर फायरिंग करने लगे। इसके बाद पुलिस और STF ने जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैर में गोली मारी। जिससे दोनों घायल हो गया और पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा।
घटना को लेकर दानापुर डीएसपी 2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पटना एसटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस और STF के द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। आनंदपुर गाँव के बांध के पास घेराबंदी के दौरान जब अपराधियों को सरेंडर करने के लिए कहा गया, तब वे पुलिस पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो दोनों अपराधियों के पैर में लगी। घटनास्थल से पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक पिस्टल भी बरामद की है।