झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर राज्य सरकार की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कड़ी में आज साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसे साइक्लोथॉन नाम दिया गया। इस रैली को पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से रवाना किया। यह रैली धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी स्थित उलिहातू तक जाएगी। साइकिल रैली में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर को बैनर और पोस्टर से पाट दिया गया है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि जिन पूर्वजों ने अलग राज्य के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, आज उन्हीं के संघर्ष की बदौलत झारखंड एक राज्य के रूप में आगे बढ़ता हुआ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से झारखंड के गांव-गांव तक संदेश देने का काम किया जा रहा है।
खेल मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि झारखंड समृद्ध, विकसित और सबल राज्य बने। इससे पहले जिला प्रशासन के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारियों ने साइक्लोथॉन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मोरहाबादी मैदान में आदिवासी कला-संस्कृति की झलक देखने को मिली। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की। बता दें कि राज्य स्थापना दिवस को लेकर 11 नवंबर से ही कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। पहले दिन रन फॉर झारखंड का आयोजन किया गया। इसे खुद सीएम ने हरी झंडी दिखाई थी। 12 नवंबर को रांची की सड़कों पर जगह-जगह पारंपरिक नृत्य का आयोजन किया गया।
वहीं 14 नवंबर को एसटी-एससी, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और रांची नगर निगम की ओर से रांची के निर्धारित मार्ग पर चतरा का आयोजन होगा। वहीं 11 नवंबर से स्कूल और कॉलेज के स्तर पर पेंटिंग, डिबेट और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडी की 150वीं जयंती के दिन मोरहाबादी में होगा।