जनपथ पर बीएमसी-बीडीए का ग्रीन शेड प्रोजेक्ट

  • Jul 21, 2026
Khabar East:BMC-BDA-Launch-Pilot-Project-For-Green-Traffic-Commuter-Sheds-On-Bhubaneswars-Janpath
भुवनेश्वर,21 जुलाईः

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और जलवायु-अनुकूल शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के उद्देश्य से भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) और भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने जनपथ कॉरिडोर के प्रमुख स्थानों पर आधुनिक ट्रैफिक तथा पार्किंग-सह-यात्री शेड स्थापित करने के लिए एक पायलट परियोजना शुरू किया है।

यह परियोजना राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार करना, हरित एवं आकर्षक शहरी वातावरण विकसित करना तथा टिकाऊ बुनियादी ढांचे के माध्यम से वायु गुणवत्ता बेहतर बनाने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।

 इस पहल के तहत शहर के दो सबसे व्यस्त चौराहों रुपाली चौक और पावर हाउस चौक पर आधुनिक ट्रैफिक शेड बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, 5.8 किलोमीटर लंबे स्मार्ट जनपथ कॉरिडोर पर पैदल यात्रियों, दैनिक यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए चार रणनीतिक स्थानों पर पार्किंग- पार्किंग-सह-यात्री शेड का निर्माण किया जा रहा है।

 बीएमसी आयुक्त एवं बीडीए के उपाध्यक्ष चंचल राणा ने बताया कि इन शेडों को उपयोगिता, आकर्षक डिजाइन और पर्यावरणीय स्थिरता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। परियोजना की खास विशेषता यह है कि फैब्रिक कैनोपी (कपड़े की छत) के ऊपर फ्लेम वाइन (Flame Vine) की लताओं को लगाया जाएगा, जो समय के साथ प्राकृतिक हरित आवरण तैयार करेंगी। इससे गर्मियों में गर्मी का प्रभाव कम होगा और ट्रैफिक चौराहों व पार्किंग क्षेत्रों में इंतजार कर रहे लोगों को अधिक ठंडा और आरामदायक वातावरण मिलेगा।

 ट्रैफिक शेडों में सहायक स्तंभों के बीच विशेष रूप से डिजाइन किए गए क्षैतिज स्क्रीनिंग पैनल भी लगाए जाएंगे, जो दिनभर अलग-अलग दिशाओं से आने वाली सीधी धूप को रोकेंगे और लोगों को तेज धूप व प्रतिकूल मौसम से बेहतर सुरक्षा प्रदान करेंगे।

पार्किंग-सह-यात्री शेड इस प्रकार तैयार किए जा रहे हैं कि वे यात्रियों और खड़े वाहनों दोनों को बारिश तथा अत्यधिक गर्मी से बचाने के साथ-साथ सुविधाजनक प्रतीक्षालय के रूप में भी काम करेंगे। इनका विशेष लाभ वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और अन्य संवेदनशील यात्रियों को मिलेगा।

 अधिकारियों के अनुसार, यह पायलट परियोजना स्मार्ट जनपथ कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण और हरित विकास के चल रहे कार्यों को मजबूती देगी तथा भुवनेश्वर को अधिक हरित, पैदल यात्री-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित सार्वजनिक स्थानों वाला शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: