ओडिशा के अंगुल जिले में मंगलवार को समाल थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-149 (NH-149) पर बुरुकुना चौक के पास एक यात्री बस संतुलन खोकर पलट गई।
पुरी से सुंदरगढ़ जा रही इस बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को पहले खमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंगुल जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) रेफर कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कटक और भुवनेश्वर के अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है।
इस बीच, पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।