ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर के असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा, “कैप्टन स्मित माछर का असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण बेहद प्रेरणादायक है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपनी जान से पहले दूसरों की जिंदगी को प्राथमिकता दी। उनका निस्वार्थ बलिदान ‘सेवा परमो धर्मः’ की शाश्वत भारतीय भावना को दर्शाता है। मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं कैप्टन माछर और उनके परिवार के साथ हैं। महाप्रभु श्री जगन्नाथ उन्हें शक्ति, स्वास्थ्य लाभ और पूर्ण स्वस्थ होने का आशीर्वाद दें।”
कैप्टन स्मित माछर दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान हमले में घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाना जारी रखा।
उनके साहस और त्वरित कार्रवाई से विमान में उत्पन्न एक बड़े संकट को टालने में मदद मिली। इसके बाद विमान का रुख सऊदी अरब के ताबुक की ओर मोड़ दिया गया।