ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रेलर चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (एनएच-10) पर दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
यह हादसा भसमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंतारा के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झारसुगुड़ा से सुंदरगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर को पार कर गया और सामने से सुंदरगढ़ से झारसुगुड़ा की ओर आ रहे दूसरे ट्रेलर से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर की डीजल टंकी फट गई, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते दोनों ट्रेलर उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों चालक ट्रेलरों के अंदर फंस चुके थे और उनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। आग में बुरी तरह झुलस जाने के कारण दोनों शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।