राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव के तरवां बोरिंग के पास राहु पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का संदिग्ध स्थिति में शव मिला है। शुक्रवार सुबह खेत की ओर जा रहे स्थानीय लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की गहन जांच के लिए पटना एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस फिलहाल यह पता लगा रही है कि यह हत्या है या कोई अन्य कारण है। संजय कुमार यादव पर आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वे लंबे समय से कई मामलों में फरार चल रहे थे। शव मिलने के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को खेत के बोरिंग के पास फेंक दिया। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
शव मिलने की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों ने बिक्रम-बिहटा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रयासरत है।
बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है। मृतक के शरीर पर अभी कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही रिपोर्ट आने की उम्मीद है।